फर्रुखाबाद, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल नेकपुर खुर्द का औचक निरीक्षण कर गौशाला की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में 101 गोवंश संरक्षित पाए गए। मौके पर लगभग 50 कुंतल भूसा, 18.5 कुंतल दाना तथा 12 कुंतल हरा चारा उपलब्ध मिला, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।read more:https://pahaltoday.com/farmers-are-troubled-by-encroachment-on-irrigation-department-land/निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला से संबंधित अभिलेखों, गोपालकों के भुगतान तथा गौशाला फंड की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। सचिव ने बताया कि गोपालकों का भुगतान मार्च 2026 तक कर दिया गया है तथा अप्रैल 2026 तक के फंड की मांग शासन को भेजी जा चुकी है। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि किसी भी गोपालक का भुगतान लंबित न रहे और सभी देयकों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धनेप कुमार गुप्ता से गोवंशों की चिकित्सा व्यवस्था, टैगिंग, टीकाकरण एवं बीमार पशुओं के उपचार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि गौशाला का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा सभी गोवंशों की समय पर चिकित्सा और बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य सड़क मार्ग से गौशाला तक लगभग 450 मीटर लंबे कच्चे रास्ते की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी बढ़पुर को शीघ्र मरम्मत प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को गौ आश्रय स्थलों से जोड़कर पशु आहार निर्माण कार्य में भागीदारी बढ़ाने तथा हरा चारा उत्पादक किसानों से सस्ती दरों पर चारा उपलब्ध कराने हेतु अनुबंध करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौशाला नोडल अधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।