मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने सोमवार को आयुक्त सभागार में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई, जो निर्धारित समय सीमा के बाद भी अधूरी हैं या बजट, स्वीकृति अथवा अन्य कारणों से बाधित चल रही हैं। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा जनता को समय पर परियोजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। बैठक में प्रत्येक परियोजना की अलग-अलग समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि जिन योजनाओं में शासन स्तर पर पत्राचार की आवश्यकता है, उनके संबंध में तत्काल कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभागों को शीघ्र हस्तांतरित किया जाए तथा उनकी अद्यतन प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/ डॉ. रूपेश कुमार ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नामित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और समय-समय पर निरीक्षण आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि परियोजनाओं का लाभ आमजन तक जल्द पहुंच सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, मुख्य विकास अधिकारी मुजफ्फरनगर कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने और विकास कार्यों की गति तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।