जमानियां में हादसे को दावत दे रहे जर्जर बिजली पोल, 11 हजार वोल्ट लाइन का खंभा झुका; लोगों में दहशत

Share
गाजीपुर जमानियां। कस्बे में जर्जर विद्युत पोल लोगों की जान पर भारी पड़ सकते हैं। विद्युत उपकेंद्र कार्यालय के सामने लोदीपुर मोड़ पर 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन का एक पोल जड़ से क्षतिग्रस्त होकर खतरनाक ढंग से झुक गया है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां सुबह से देर शाम तक दोपहिया, चारपहिया वाहनों और राहगीरों की लगातार आवाजाही रहती है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत कार्यालय के सामने स्थित लोदीपुर मोड़ के अलावा कस्बा बाजार में जय मिष्ठान भंडार के सामने भी एक बिजली पोल एक ओर झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। वर्तमान में मार्ग पर सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक यातायात होने के कारण खतरा और बढ़ गया है।भाजपा व्यापार मंडल के जिला युवा उपाध्यक्ष मुन्ना गुप्ता, अरविंद सिंह, गिरधारी सिंह और चंदन तिवारी समेत अन्य लोगों ने विभाग से तत्काल दोनों जर्जर पोलों को बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पोल नहीं बदले गए या आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।इस संबंध में अवर अभियंता (जेई) संजीव कुमार ने बताया कि जर्जर पोल की सूचना मिल चुकी है। विभाग द्वारा जल्द ही स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर नया पोल भी लगाया जाएगा।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही जर्जर पोलों को बदलकर संभावित हादसे को टालना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *