पयागपुर में डीज़ल संकट गहराया, किसानों से लेकर स्कूली व्यवस्था तक प्रभावित

Share

बहराइच (पयागपुर तहसील)l पयागपुर क्षेत्र में डीज़ल की किल्लत ने अब विकराल रूप ले लिया है। पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लगभग एक किलोमीटर लंबी कतारें लगी हुई हैं, जिनमें निजी वाहन, मालवाहक गाड़ियां और बड़ी संख्या में स्कूल वाहन भी शामिल हैं। घंटों इंतजार के बावजूद लोगों को पर्याप्त डीज़ल नहीं मिल पा रहा, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।सबसे ज्यादा असर किसानों पर देखने को मिल रहा है। इस समय खेती का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है, जिसमें सिंचाई, जुताई और अन्य कृषि कार्यों के लिए डीज़ल की अत्यधिक आवश्यकता होती है। लेकिन डीज़ल की कमी के चलते किसान अपने खेतों में समय पर काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे फसलों पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही डीज़ल की आपूर्ति सुचारु नहीं हुई, तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।वहीं, स्कूल वाहनों के लंबी कतार में फंसे होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है। अभिभावकों में चिंता है कि अगर यही स्थिति बनी रही, तो स्कूलों की नियमितता बाधित हो सकती है।इधर, कुछ प्राइवेट टेम्पो चालकों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए पयागपुर से बहराइच के बीच किराया बढ़ा दिया है, जबकि डीज़ल के दाम में कोई वृद्धि नहीं हुई है। इससे आम यात्रियों में नाराजगी है और लोग प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।स्थानीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि डीज़ल की आपूर्ति तत्काल बढ़ाई जाए और कालाबाजारी या मनमानी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *