सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में एनसीएल सिंगरौली एवं जनपद के संबंधित विभागों के बीच सीएसआर के तहत विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं के लिए एमओयू का हस्तांतरण किया गया। कुल 426.83 लाख रुपये यानी करीब 4.27 करोड़ रुपये की लागत से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे। एमओयू के तहत बढ़ौली चैराहे के पास ओपेन जिम के निर्माण के लिए 96.82 लाख रुपये की परियोजना पर नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज और एनसीएल सिंगरौली के बीच समझौता हुआ।दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने पर 66 लाख रुपये की परियोजना का एमओयू डिप्टी सीएमओ और एनसीएल सिंगरौली के बीच हुआ। चतरा ब्लॉक में सेहुआं हनुमान मंदिर से अंबेडकर हरिजन बस्ती तक 98.25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड तथा करमा ब्लॉक में खुटहनियां बरबसपुर रोड से दूबे बगीचा तक 95.72 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteदोनों परियोजनाओं के लिए ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और एनसीएल सिंगरौली के बीच एमओयू हुआ। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के लिए 70.04 लाख रुपये की परियोजना का एमओयू जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और एनसीएल सिंगरौली के बीच हुआ। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से कराए जा रहे सभी कार्य सीधे जनहित और जनसुविधाओं से जुड़े हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ नियमित समीक्षा और अनुश्रवण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीपीआर तैयार करने अथवा अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए उद्यमी मित्र के माध्यम से एनसीएल सिंगरौली से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इनका लाभ मिल सके। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, उपायुक्त उद्योग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज, एनसीएल सिंगरौली के महाप्रबंधक राजीव रंजन, सीएसआर हेड राजाराम यादव, उद्यमी मित्र समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।