गाजीपुर जमानियां। रविवार को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। मेले में करीब 50 मरीजों का उपचार किया गया तथा विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया। मेले का संचालन चिकित्सक डॉ. देवेंद्र कुमार एवं डॉ. शमशेर बहादुर की देखरेख में किया गया। इस दौरान बुखार, खांसी, शुगर, ब्लड प्रेशर समेत मौसमी बीमारियों की प्राथमिक जांच की गई। दूर-दराज के गांवों से आए मरीजों को मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य मेले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड (आयुष्मान कार्ड) बनाने की भी व्यवस्था की गई थी।read more:https://pahaltoday.com/chaiya-chaiya-on-the-railway-track-in-vietnam/ स्वास्थ्य कर्मी लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ कार्ड बनाने में सहयोग करते नजर आए। हालांकि मेले के दौरान केंद्र प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही। इस संबंध में चिकित्सक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रत्येक रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में डायरिया, वायरल बुखार एवं सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक बढ़ी है। लोगों को तेज धूप से बचाव करते हुए शरीर को ढककर चलने तथा अधिक मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई। मेले में हीरा लाल, मोहित कुमार, विपिन सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।