कायमगंज, फर्रुखाबाद। सी.पी. विद्या निकेतन, कायमगंज में मातृदिवस के अवसर पर एक भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रीता गंगवार उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माँ जीवन की प्रथम गुरु होती है, जिसके संस्कार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं।read more:https://pahaltoday.com/government-schools-remain-locked-childrens-future-in-
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य दीपक जैना ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन किया तथा मातृशक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि श्रीमती सरस्वती वर्मा ने अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ का प्रेम, त्याग और स्नेह मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव माता-पिता का सम्मान करने का संदेश दिया।
विद्यालय की निदेशिका डॉ. मिथलेश अग्रवाल ने कहा कि मातृदिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि माँ के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार अपनाने एवं परिवार के प्रति अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा सफल छात्रों की माताओं को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित छात्रों में सुबूर खान (आईएएस), अभिषेक यादव (आईपीएस), मनु अग्निहोत्री (एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, एचएसबीसी बैंक), आयुषी अग्रवाल (चार्टर्ड अकाउंटेंट) एवं मुस्कान गंगवार (सब-इंस्पेक्टर, यूपी पुलिस) शामिल रहे। प्रधानाचार्य आर.के. बाजपेई ने अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए विद्यालय में लागू रोबोटिक्स एवं स्पेनिश भाषा शिक्षा की जानकारी दी तथा अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में बच्चों की किताबी शिक्षा के साथ-साथ उनके मानसिक, शारीरिक एवं नैतिक विकास पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत, कविता एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने भरपूर सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।