राखड़ के दलदल में फंसी गाय, चार घंटे की मशक्कत के बाद बची जान

Share

बीजपुर (सोनभद्र)। बीजपुर ग्राम पंचायत के शांतिनगर में एनटीपीसी द्वारा डंप किए गए राखड़ के खतरनाक दलदल में रविवार को एक गाय फंस गई। लगातार बारिश के कारण राखड़ का क्षेत्र दलदल में तब्दील हो गया था। गाय को बचाने के लिए ग्रामीणों ने करीब तीन से चार घंटे तक जान जोखिम में डालकर प्रयास किया। बाद में मौके पर पहुंची सीआईएसएफ टीम ने ग्रामीणों के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।बताया गया कि बारिश के चलते राखड़ का क्षेत्र काफी नरम हो गया था। इसी दौरान एक गाय गहरे दलदल में धंस गई। जानकारी मिलते ही अनमोल गुप्ता, संदीप गुप्ता, दीपक गुप्ता, अजय, सुनील, आदित्य, वेदानंद और ईश्वर प्रसाद समेत अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गाय को बाहर निकालने में जुट गए। दलदल की स्थिति इतनी खतरनाक थी कि बचाव कार्य के दौरान ग्रामीणों को भी अपनी जान का जोखिम उठाना पड़ा। कई घंटे के प्रयास के बावजूद जब गाय को बाहर निकालना मुश्किल हुआ तो सीआईएसएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद जवानों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद गाय को दलदल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गाय के बाहर निकलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग के लिए सीआईएसएफ जवानों की तत्परता की सराहना की।
पहले भी फंस चुके हैं पशु
ग्रामीणों का आरोप है कि राखड़ डंपिंग स्थल पर पर्याप्त मात्रा में मिट्टी नहीं डाले जाने के कारण बारिश में यह क्षेत्र खतरनाक दलदल में बदल जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी इसी स्थान पर कई पशु फंस चुके हैं। इसके बावजूद राखड़ के ऊपर मिट्टी डालकर क्षेत्र को सुरक्षित एवं समतल कराने की दिशा में पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने एनटीपीसी प्रबंधन से राखड़ डंपिंग क्षेत्र में तत्काल पर्याप्त मिट्टी डलवाकर उसे समतल कराने तथा पशुओं एवं ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *