रेवती(बलिया) स्थानीय ब्लाक स्थित ड्वाकरा भवन में रविवार को कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का नेतृत्व संगठन सृजन अभियान के पर्यवेक्षक कुमार आशीष ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक कुमार आशीष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता संविधान में विश्वास करते हैं। संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट जाएं और गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करें।उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस में पदाधिकारी और प्रत्याशी का चयन किसी बड़े नाम या राजनीतिक रसूख के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कितना भी बड़ा नाम क्यों न हो, यदि वह संगठन के लिए मेहनत नहीं कर रहा है तो उसे पदाधिकारी अथवा प्रत्याशी बनाए जाने में प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि मेहनत करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत और नींव उसके कार्यकर्ता होते हैं।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/
कांग्रेस पार्टी में मूल और जमीनी कार्यकर्ताओं में से ही पदाधिकारी एवं प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा हो रही है, जो पार्टी के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी मेहनत को प्राथमिकता मिलने से संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।बृजेश सिंह गाट ने कहा कि आज प्रदेश और देश की निगाहें कांग्रेस पार्टी तथा पार्टी के नेता राहुल गांधी पर टिकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की जरूरत है।बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपने विचार भी रखे। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी को आगामी चुनाव में बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पाण्डेय, रूपेश चौबे, राजेश सिंह, ददन पाण्डेय, मदन यादव, दीपक तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष वीरेश तिवारी ने की, जबकि संचालन कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता पुनीत पाठक ने किया।