महोबा : शहर के मुहल्ला शेखनपुरा में चल रहे लक्ष्मी महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम है। बुधवार रात 20 से अधिक बच्चों ने भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पं निखिल तिवारी द्वारा हवन-पूजन के बाद सामूहिक आरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। दोपहर में महिलाओं ने ढोलक-मंजीरे पर देवी और कातिक गीत गाए। रात में आराधना चौरसिया, ध्रुव, छैना, पूर्वी, आस्था आदि ने करती हूं तुम्हारा व्रत मैं, नटखट कन्हैया, मोहन तेरी मुरलिया, मैं बरसाने की छोरी सहित विभिन्न गीतों व भजनों पर नृत्य कर तालियां बटोरीं। भक्तों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए नकद पुरस्कार भी दिए। वहीं, आयोजन समिति ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अध्यक्ष मानिक चौरसिया और पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर चौरसिया ने बताया कि हर साल एसडीएम कार्यालय से अनुमति पत्र की कापी दी जाती थी, जो इस बार नहीं दी गई। पुलिस की नियमित ड्यूटी भी नहीं लगाई गई है, रोज शाम एक सिपाही आकर 10 मिनट में चला जाता है। मंगलवार को भीड़ अधिक होने से बच्चों का कार्यक्रम बंद करना पड़ा था। समिति ने रिकार्ड के लिए अनुमति पत्र दिलाने और पुलिस व्यवस्था करने की अपील की है।