बीना, सोनभद्र। शक्तिनगर स्थित चिल्का झील में लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने झील स्थित छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अघ्र्य अर्पित किया। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना किया।छठ महापर्व के आयोजन में इस वर्ष चिल्का झील परिसर में स्थापित 150 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। विशाल तिरंगे की मौजूदगी ने धार्मिक आयोजन को राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना से जोड़ दिया। वहीं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से नए छठ घाट का निर्माण कराया गया, जिससे व्रतियों को अर्घ्य देने के लिए अतिरिक्त स्थान एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुईं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों एवं परिसर में विशेष साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, जलपान, वस्त्र बदलने के कक्ष, प्रसाधन, अतिरिक्त प्रकाश एवं आकर्षक सजावट की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, पुलिस एवं निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी के साथ नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया था। झील में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा तैराकों, नाव, रस्सी एवं बचाव उपकरणों की व्यवस्था की गई थी। महापर्व के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।