बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के जौरास गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब अपनी मौसी के घर आया लखनऊ का सर्राफा व्यापारी धौरहरा घाट पर गोमती नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। व्यापारी के नदी में लापता होने की सूचना मिलते ही घाट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में भी मुश्किलें सामने आ रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो स्टीमर और नावों की मदद से गोमती नदी में युवक की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गोसाईगंज कस्बे के मातनटोला निवासी सर्राफा व्यापारी लाल जी रस्तोगी (45 वर्ष) दो दिन पहले रक्षाबंधन के अवसर पर लोनी कटरा थाना क्षेत्र के जौरास गांव स्थित अपनी मौसी के घर आए थे। बताया गया कि शुक्रवार को वह जौरास गांव से करीब दो किलोमीटर दूर धौरहरा घाट पर गोमती नदी में स्नान करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नदी में छलांग लगाते ही वो गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी की तेज़ धारा में लापता हो गए। घाट के किनारे मौजूद बच्चों ने जब इस घटना को देखा तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी। देखते ही देखते घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से युवक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन नदी के गहरे पानी और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही लोनीकटरा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। टीम स्टीमर और नावों की मदद से गोमती नदी में युवक की तलाश कर रही है। नदी में बढ़ा हुआ जलस्तर और तेज बहाव रेस्क्यू टीम के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है। बताया जा रहा है कि काफी देर तक सर्राफा व्यापारी लाल जी रस्तोगी घर वापस नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश में निकले। इसी दौरान उन्हें गोमती नदी में युवक के डूबने की जानकारी मिली। परिजन जब घाट पर पहुंचे तो किनारे पर युवक का चश्मा और चप्पल पड़े मिले। फिलहाल पुलिस, प्रशासन, स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम गोमती नदी में लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक नदी के तेज बहाव और जलस्तर बढ़े होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण है। टीम लगातार अलग-अलग स्थानों पर युवक की तलाश कर रही है। लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है। रेस्क्यू अभियान जारी है।