बाराबंकी। पूर्व वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री एवं समाजसेवी स्वर्गीय गौरी यादव की जयंती पर शुक्रवार को एसडीई एकेडमी, मौथरी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद तनुज पुनिया ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सामाजिक व राजनीतिक योगदान को याद किया। सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि गौरी यादव एक कर्मठ, संघर्षशील और समाज सुधार के लिए समर्पित महिला नेत्री थीं। उन्होंने कांग्रेस संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/जयंती समारोह के तहत विद्यालय में गौरी यादव स्मृति दौड़ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सांसद ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरी यादव फाउंडेशन के अध्यक्ष अनुराग यादव ने कहा कि फाउंडेशन सामाजिक सहकारिता और जनसेवा के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वह पूरी ईमानदारी और संघर्ष के साथ कार्य करते रहेंगे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, एडवोकेट मोहम्मद इजहार, प्रधान विनोद यादव, संतशरण वर्मा, जियाउर्रहमान, श्रीकांत मिश्रा, मनीष यादव, राम हरख रावत, अजीत वर्मा, प्रशांत सिंह तथा आर.डी. राव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।