हाथ में माइक, माथे पर पसीना और सूनी कलाई… रक्षाबंधन पर टीआई की मिसाल

Share

बाराबंकी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां अधिकांश लोग अपने परिवार और रिश्तों के उत्सव में शामिल थे, वहीं यातायात निरीक्षक (टीआई) राम यतन यादव अपनी टीम के साथ सड़कों पर डटे रहे। उनकी कलाई भले ही पूरे दिन सूनी रही, लेकिन उनकी मेहनत ने हजारों बहनों को समय पर अपने भाइयों तक पहुंचने का अवसर दिया। सुबह छह बजे से ही शहर के प्रमुख चौराहों, बस स्टॉप और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की टीम सक्रिय हो गई थी। हाथ में माइक लिए टीआई राम यतन यादव लगातार लोगों को सावधान करते रहेकृ“बहनें अपने पर्स, मंगलसूत्र और सामान का ध्यान रखें, भीड़ न लगाएं, एक-एक कर बस में चढ़ें, ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर रुककर सवारी न बैठाएं, आगे बढ़ते रहें।” उनकी यह आवाज पूरे दिन बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में गूंजती रही। रक्षाबंधन पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा और त्योहार की भीड़ के कारण शहर में यात्रियों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक था। इसके बावजूद किसी भी प्रमुख चौराहे पर लंबा जाम नहीं लगा। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को सड़क पर रुकने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे यातायात का प्रवाह लगातार बना रहा। दोपहर करीब एक बजे भी टीआई राम यतन यादव बस स्टॉप पर माइक के माध्यम से लोगों को दिशा-निर्देश देते दिखाई दिए। शाम तक जब भीड़ कम होने लगी, तब जाकर यातायात कर्मियों ने राहत की सांस ली। एक मीडियाकर्मी द्वारा शाम के समय बनाए गए वीडियो में यह भी स्पष्ट दिखाई दिया कि टीआई की कलाई पर अभी तक राखी नहीं बंधी थी। कर्तव्य पालन में व्यस्त इस अधिकारी ने अपना पारिवारिक उत्सव भले ही त्याग दिया हो, लेकिन हजारों बहनों का रक्षाबंधन यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/स्थानीय लोगों के अनुसार, लगभग तीन वर्ष पूर्व रक्षाबंधन के अवसर पर बाराबंकी शहर और आसपास के क्षेत्रों में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। बाराबंकी से देवा, रामनगर और हैदरगढ़ तक लंबी वाहन कतारें लग गई थीं। हजारों लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके थे। इस बार यातायात पुलिस की पूर्व तैयारी और प्रभावी प्रबंधन के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। जहां बाराबंकी शहर में यातायात व्यवस्था संतोषजनक रही, वहीं मसौली क्षेत्र के शहाबपुर टोल प्लाजा पर अव्यवस्था देखने को मिली। टोल प्लाजा के दोनों ओर एक किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों वाहन घंटों फंसे रहे। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, जिससे मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फास्टैग लेन में तकनीकी बाधाओं और टोल प्रबंधन की धीमी व्यवस्था के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। साइड लेन में गड्ढे होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही और यात्रियों में नाराजगी देखी गई। रक्षाबंधन पर बाराबंकी शहर में जहां यातायात पुलिस की सजगता और समर्पण की मिसाल देखने को मिली, वहीं शहाबपुर टोल प्लाजा की अव्यवस्था ने बेहतर यातायात प्रबंधन की आवश्यकता को भी उजागर किया। त्योहार के दिन अपनी कलाई सूनी रखकर हजारों बहनों की राह आसान बनाने वाले टीआई राम यतन यादव और उनकी टीम की सराहना पूरे शहर में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *