गाज़ीपुर। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीटीसी की छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। छात्रा परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी जिंदगी छीन ली।read more:https://pahaltoday.com/nhm-employees-protested-by-wearing-black-bands-at-chc-myorpur/
जानकारी के अनुसार नसरतपुर गांव निवासी 25 वर्षीय महिमा अपने पिता के साथ बाइक से दिलदारनगर स्थित परीक्षा केंद्र जा रही थीं। वह बीटीसी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने के लिए निकली थीं। सुबह करीब साढ़े सात बजे जैसे ही उनकी बाइक पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिमा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पिता भी चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल गाज़ीपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन महिमा को इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिमा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम का माहौल है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग सख्त कदम नहीं उठा पा रहा है।