बूढ़नपुर। आजमगढ़ जिले के बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के टहर किशुनदेवपुर गांव निवासी युवा खिलाड़ी आनंद सिंह ने चीन में आयोजित एशियन जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-23 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल जीता। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। आनंद सिंह के अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचने पर सेहदा टोल प्लाजा पर भव्य स्वागत किया गया। बूढ़नपुर चेयरमैन प्रतिनिधि गुडलक सिंह और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कोयलसा संतोष यादव अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने आनंद सिंह को फूल-मालाएं पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। बूढ़नपुर चेयरमैन प्रतिनिधि गुडलक सिंह ने कहा कि आनंद सिंह ने चीन में गोल्ड मेडल जीतकर न सिर्फ आजमगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कोयलसा संतोष यादव ने कहा कि आनंद सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे आगे भी देश के लिए पदक जीत सकें। आनंद सिंह के पिता अमरजीत सिंह ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि आनंद ने काफी मेहनत की है। चीन में गोल्ड मेडल जीतने की खबर से परिवार के साथ-साथ गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि आनंद आगे भी देश का नाम रोशन करे, यही उनकी कामना है। आनंद सिंह की इस सफलता पर क्षेत्र के वीरू सिंह,अमर सिंह,राणा प्रताप सिंह,आशुतोष सिंह,दीपक सिंह,प्रभन सिंह, गजाधर मोदनवाल,हरेंद्र सिंह, श्यामधर चौबे, शक्ति सिंह समेत अन्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।