विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे अपना दल एस के कार्यकर्ता

Share

सोनभद्र। अपना दल (एस) की मासिक बैठक शनिवार को राबर्ट्सगंज स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान चलाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
बैठक के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बियार ने कहा कि अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में पार्टी सामाजिक न्याय, शिक्षा और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उनके तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। डॉ. सोनेलाल पटेल के सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। सह मुख्य अतिथि जिला महासचिव सुरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर काम करना होगा। किसानों, नौजवानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। विशिष्ट अतिथि महिला मंच की कार्यवाहक प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत ने भी संगठन विस्तार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया। मौके पर विनोद यादव, शिब्बू खान, शिवदत्त दुबे, श्यामसुंदर पटेल, उदित नारायण पटेल, पुष्पराज पटेल आदि मौजूद रहे।

युवा उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत और कविता लेखन में दिखेगा युवाओं का हुनर
सोनभद्र। जनपद के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से 13 नवंबर को जनपद स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में यह कार्यक्रम पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज में आयोजित होगा। इसमें लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। जनपद के सभी विकास खंडों के अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों और सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक समूह प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक समूह में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी जाएगी। किसी धर्म, भाषा, जाति, वर्ग, राजनीतिक दल या सरकार के संबंध में टिप्पणी करने वाली प्रस्तुतियां प्रतिबंधित रहेंगी। फिल्मी गीतों की प्रस्तुति की भी अनुमति नहीं होगी। जनपद स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए माय भारत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं। सभी प्रतिभागियों को 13 नवंबर को सुबह नौ बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा। साथ ही आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य रहेगा।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette

औद्योगिक संस्थानों से आवासीय कॉलोनियों तक लगेंगे मतदाता पंजीकरण शिविर
सोनभद्र। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए औद्योगिक संस्थानों, आवासीय कॉलोनियों, न्यायालय परिसरों, बाजारों और ग्राम पंचायतों में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। अभियान में श्रमिकों, युवाओं, महिलाओं, संविदा कर्मचारियों और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर विभिन्न सरकारी विभागों के साथ सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों का सहयोग लेकर शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों, निजी औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, श्रमिक संगठनों, व्यापार मंडलों, चिकित्सक संघों और नागरिक सुरक्षा संगठनों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए कार्यस्थलों पर शिविर लगाकर उनका पंजीकरण कराया जाएगा। वहीं आवासीय सोसाइटियों और बहुमंजिली इमारतों में रहने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और नाम की स्थिति जांचने में सहायता दी जाएगी।

मतदाता सूची में नाम छूटा तो फार्म-6 से करा सकेंगे पंजीकरण, नहीं होगी कार्रवाई
सोनभद्र। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पूर्व की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल होने के बावजूद यदि किसी मतदाता का नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फार्म-6 भरकर दोबारा पंजीकरण करा सकता है। ऐसे पात्र मतदाताओं के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। निर्वाचन आयोग की ओर से इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के माध्यम से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से पहले की मतदाता सूची में पंजीकृत रहे ऐसे निर्वाचक, जिनका नाम वर्तमान सूची में शामिल नहीं है, फार्म-6 जमा कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। हालांकि इसके लिए शर्त है कि संबंधित मतदाता का नाम पहले से किसी अन्य विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं होना चाहिए। साथ ही फार्म-6 के साथ दी गई घोषणा भी विधि सम्मत होनी चाहिए। इन शर्तों को पूरा करने वाले पात्र मतदाताओं के विरुद्ध धारा-31 के तहत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में संबंधित अधिकारियों को पत्र का अध्ययन कर इसकी जानकारी सभी संबंधित लोगों तक पहुंचाने तथा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

पटाखा दुकानों पर एसडीएम का छापा, सुरक्षा मानकों की हुई जांच
अनपरा (सोनभद्र)। दीपावली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पटाखा दुकानों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता ने लेखपालों की टीम और पुलिस बल के साथ अनपरा मुख्य बाजार एवं ज्वालामुखी क्षेत्र में संचालित अस्थायी पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में सुरक्षा इंतजाम, पटाखों के भंडारण और लाइसेंस की जांच की गई।
एसडीएम ने त्रिलोकनाथ मंदिर के समीप लगी दर्जनों अस्थायी पटाखा दुकानों का पैदल भ्रमण कर जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से अग्नि सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी लेते हुए शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशील स्थिति, बालू से भरी बोरियां, पानी के ड्रम, दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी और पटाखों के निर्धारित सीमा में भंडारण की व्यवस्था परखी गई। साथ ही दुकानों के आसपास गुजर रहे खुले बिजली के तारों और अवैध विद्युत कनेक्शनों को लेकर भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई। एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने पटाखा कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदार वैध लाइसेंस के तहत निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही पटाखों का भंडारण और बिक्री करें। सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने नगर पंचायत अनपरा को पटाखा दुकानों के समीप दो टैंकर तथा चिल्काडांड के ग्राम प्रधान को एक टैंकर पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की औचक जांच से पटाखा कारोबारियों में खलबली रही। निरीक्षण के दौरान लेखपाल विनोद सिंह सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *