म्योरपुर, सोनभद्र। आदिवासी बाहुल्य कुलडोमरी ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित करीब 28 किलोमीटर लंबी सड़क एक साल के भीतर ही बदहाल होने लगी है। सिदहवा से खजूरा, महुलानी होते हुए जोगिंद्रा तक बनी इस सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां उखड़ने लगी हैं और सौ से अधिक स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क की जर्जर स्थिति से ग्रामीणों में आक्रोश है।ग्रामीण सुरेश, रामजतन, बबन, सुनीता, देवधारी, रामप्रीत और रामलखन सहित अन्य लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान ही गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की अनदेखी की शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। अब महज एक साल के भीतर सड़क की हालत खराब होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझ रही कुलडोमरी पंचायत के लिए यह सड़क आवागमन का प्रमुख साधन है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उच्चस्तरीय जांच कराने तथा तकनीकी विशेषज्ञों की टीम से सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। इस संबंध में अवर अभियंता विष्णु कुमार यादव ने बताया कि सड़क निर्माण कराने वाले ठेकेदार की पांच वर्ष तक मरम्मत की जिम्मेदारी होती है। सड़क पर गड्ढे होने की स्थिति में उन्हें ठीक कराना ठेकेदार का दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सामान्य कार्य देखते हैं, जबकि सड़क की मरम्मत और अन्य संबंधित कार्यों के लिए अलग विभाग जिम्मेदार है।