नवाबगंज,उन्नाव। स्थानीय विकासखंड की ग्राम पंचायत मौहारी में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी रास्ते पर बह रहा है। इससे राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होने के साथ ही आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका जताई है।
ग्रामीण रामदुलारे ने बताया कि सफाई कर्मियों के नियमित रूप से गांव में नहीं आने के कारण नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। समस्या बढ़ती देख उन्होंने ग्रामीणों को गंदगी और संभावित संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए स्वयं सफाई का जिम्मा उठाया और नालियों की सफाई शुरू कर दी।ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत विभिन्न योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है, लेकिन मौहारी में जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव में नियमित सफाई कराने और नालियों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।