पर्वों पर शांति-सौहार्द को लेकर प्रशासन अलर्ट, धर्मगुरुओं से भाईचारा बनाए रखने की अपील

Share

सोनभद्र। आगामी ईद-ए-मिलाद (बारावफात), रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पर्वों की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। सोनभद्र की पहचान हमेशा से आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता की रही है। इसे कायम रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से पर्वों को शांति, संयम और उल्लास के साथ मनाने तथा समाज में भाईचारे का संदेश देने की अपील की। ईद-ए-मिलाद के दौरान निकलने वाले जुलूस और धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/साथ ही यातायात प्रबंधन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने की हिदायत दी, ताकि पर्व के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भी प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर भरोसा न करें और भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री को साझा करने से बचें। शांति और सौहार्द प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना की तत्काल प्रशासन को जानकारी देने की अपील की गई। बैठक में धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों ने भी अपने सुझाव दिए तथा पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों को आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विविधता ही समाज की शक्ति है। एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्वों को मिल-जुलकर मनाएं और सोनभद्र की शांति, सद्भाव व भाईचारे की पहचान को और मजबूत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *