गाजीपुर । जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर स्थिति सामान्य बनी हुई है। ऑयल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में ईंधन व रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।read more:https://khabarentertainment.in/thieves-in-asothr-are-emboldened-they-broke-the-lock-searched-the-house-but-when-they-found-nothing-they-slipped-away-raising-questions-about-police-patrolling/आंकड़ों के मुताबिक 23 अप्रैल 2026 को जनपद में पेट्रोल का कुल स्टॉक 1136 किलोलीटर तथा डीजल का स्टॉक 1528 किलोलीटर दर्ज किया गया। वहीं 22 अप्रैल को पेट्रोल की बिक्री 272 किलोलीटर और डीजल की बिक्री 459 किलोलीटर रही। घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता 23 अप्रैल को 24,602 रही, जबकि 22 अप्रैल को 9,362 सिलेंडर की बिक्री और 10,194 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई। इस संबंध में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 23 अप्रैल को सायं 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पूर्ति अधिकारी, ऑयल कंपनियों के पेट्रोलियम/एलपीजी बिक्री अधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों के बैकलॉग की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। कुछ गैस एजेंसियों पर अधिक बैकलॉग पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और सख्त निर्देश दिए कि सभी एजेंसियों को समानुपातिक रूप से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में बैकलॉग 9 दिनों से अधिक नहीं होना चाहिए। जिन एजेंसियों पर अधिक लंबित बुकिंग है, उनके उपभोक्ताओं को पास की अन्य एजेंसियों से जोड़कर होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि गैस आपूर्ति में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पेट्रोल पंप 24 घंटे से अधिक ‘ड्राई’ न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी की स्थिति उत्पन्न होती है तो उसकी तत्काल सूचना जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा गैस एजेंसियों द्वारा वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उपजिलाधिकारी के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन को किसी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है, जनपद में ईंधन और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में है।