म्योरपुर, सोनभद्र। विकास के नाम पर हो रहे कार्य अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत खैराही में जल जीवन मिशन (नमामि गंगे) के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई ने हाल ही में बनी सड़क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन खतरनाक और मुश्किल हो गया है।read more:https://khabarentertainment.in/minor-molested-after-entering-house-accused-arrested/
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क करीब 25 वर्षों बाद बनवाई गई थी, जिससे गांव के लोगों को काफी राहत मिली थी। लेकिन पाइपलाइन डालने के नाम पर बिना समुचित मरम्मत के सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया, जिससे अब सड़क पहले से भी बदतर स्थिति में पहुंच गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर छोटे-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। बारिश होने पर हालात और भी खराब हो सकते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था द्वारा खुदाई के बाद सड़क की ठीक से मरम्मत नहीं कराई गई। गांव के अमेरिका, बुधई, अशोक, जब्बार, शिवप्रसाद, रामइकबाल, फिरोज, सियाराम, आजाद, विनोद, दिनेश सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, जीवीपीआर के अभियंता सुधीर कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद गड्ढों को भरवा दिया गया है। हालांकि, जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है और सड़क की बदहाल स्थिति विभागीय दावों की पोल खोल रही है।