राजस्व वसूली में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : डीएम

Share
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मंडी की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मंडियों में आवक और आय दोनों की स्थिति खराब होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी संबंधित एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खनन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रवर्तन कार्य में तेजी लाने और राजस्व वसूली बढ़ाने को कहा। वहीं विद्युत विभाग की वसूली काफी कम पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और वसूली में तेजी लाकर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। स्टांप एवं निबंधन विभाग की समीक्षा में भी लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कम पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/
उन्होंने अधिकारियों से बैनामा कम होने के कारणों की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह तक स्थिति में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा में भी लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली कम पाई गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वीकृत आवासों के लंबित रहने पर जानकारी मांगी। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वीकृति के बाद लंबित आवासों की स्थिति की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन लाभार्थियों को एक किस्त जारी हो चुकी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य नहीं हुआ है, उनकी जांच कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही आपदा एवं बाढ़ से हुए नुकसान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ और आपदा से हुई क्षति का विस्तृत आकलन कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा, ताकि शासन को समय से वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सीआरओ गुलशन जी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *