बाराबंकी। रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर प्रेम की डोर बांधने निकली बहनों के लिए इस बार सफर भी आसान रहा। महिलाओं और उनके साथ यात्रा कर रहे सहयात्रियों के लिए निशुल्क बस सेवा शुरू होने के बाद गुरुवार को बाराबंकी बस स्टेशन पर सुबह से ही यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बसों में बैठने के लिए महिलाओं की लंबी कतारें नजर आईं। बस स्टेशन पर रक्षाबंधन की खुशियों के बीच परिवहन विभाग की तैयारियों की भी परीक्षा हुई। सरकार की ओर से शुरू की गई तीन दिवसीय निशुल्क बस सेवा का लाभ महिलाओं के साथ उनके सहयात्रियों को भी मिल रहा है। यह सेवा शनिवार रात 12 बजे तक जारी रहेगी। बाराबंकी डिपो ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। सुबह से देर रात तक यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है। बाराबंकी डिपो के केंद्र प्रभारी कमलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि डिपो से कुल 118 बसों का संचालन होता है। इनमें दो बसों का अनुबंध समाप्त होने के बाद वर्तमान में 116 बसें सक्रिय हैं।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ इनमें 15 रोडवेज की अपनी बसें हैं, जबकि शेष अनुबंधित बसें हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। उन्होंने बताया कि डिपो पर जब तक यात्री मौजूद हैं, तब तक बसों का संचालन जारी रखा जा रहा है। महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्रियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इससे रक्षाबंधन पर अपने भाइयों के घर जाने वाली महिलाओं को काफी राहत मिली है। बस स्टेशन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचती रहीं। कई महिलाएं बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ बसों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं। बसों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। निशुल्क यात्रा की सुविधा से महिलाओं को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही त्योहार पर घर पहुंचने का सफर भी आसान हुआ। बाराबंकी डिपो की व्यवस्थाओं के चलते यात्रियों को लंबे समय तक बस का इंतजार नहीं करना पड़ा। रक्षाबंधन पर बहनों के चेहरों पर दिखी मुस्कान और बस स्टेशन पर उमड़ी भीड़ त्योहार की रौनक को और बढ़ाती नजर आई।