शिकायत करने वाले शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर प्रकरण का गुणवत्तायुक्त करें निस्तारण: जिलाधिकारी
शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही व शिथिलता नही की जायेगी बर्दाश्त: डीएम
जनसुनवाई बैठक में बिना सूचना दिए अनुपस्थित खान निरीक्षक व जल निगम अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने का निर्देश: डीएम
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। खान निरीक्षक, अधिशासी अभियंता जल निगम जनसुनवाई (आईजीआरएस) बैठक में बिना बताए अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने वेतन रोकने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आईजीआरएस पर शिकायत करने वाले शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर निर्धारित अवधि में प्रकरण का गुणवत्तायुक्त निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि सबसे अधिक शिकायत, असंतुष्ट फीडबैक वाले ग्रामों में संबंधित अधिकारी मौके पर जायें एवं शिकायतकर्ता से बात कर संतुष्ट करते हुए प्रकरण का निस्तारण करें। जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर कोई भी प्रकरण डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जमीन से संबंधित एवं अन्य बार-बार आने वाली शिकायतों क़ो गंभीरता से लेकर उसका गुणवत्तायुक्त निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता बर्दाश्त नही की जायेगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर भानसिंह, जिला विकास अधिकारी ज्ञानप्रकाश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 संतोष कुमार चक, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी, ई डिस्ट्रिक मैनेजर आशुतोष श्रीवास्तव सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।