नहटौर । क्षेत्र के गांव फुलसन्दा में शनिवार को एक कपड़ा कताई कारखाने में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।read more:https://pahaltoday.com/indian-red-cross-societys-blood-donation-on-world-red-cross-day/
जानकारी के अनुसार कारखाना मालिक का नाम इमरान बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कारखाने में रखी कपड़ा कताई मशीनें, कच्चा माल और अन्य सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक धुआं फैलता रहा और लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। फायर विभाग की तत्परता से आग को आसपास के अन्य भवनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।