ज़िला पंचायत बोर्ड की अंतिम बैठक में भावुक हुए चेयरमैन अभय प्रताप सिंह

Share

51 किलो की पुष्पमाला से हुआ भव्य स्वागत, विकासपरक कार्यकाल को बताया यादगार
फतेहपुर। ज़िला पंचायत सभागार में मंगलवार को मौजूदा बोर्ड की अंतिम सामान्य बैठक भावनात्मक माहौल के बीच सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता अपने कार्यकाल की अंतिम बैठक कर रहे ज़िला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह (पप्पू) ने की। इस अवसर पर बोर्ड के अधिकांश निर्वाचित सदस्यों के साथ-साथ कई पदेन सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन ज़िला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ज्ञान धन सिंह द्वारा किया गया। अपने संबोधन के दौरान अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह भावुक हो गए। उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल को विकासपरक, अनुशासित और सहयोगपूर्ण बताते हुए कहा कि सदन के सभी सदस्यों ने पूरी निष्ठा और शिद्दत से कार्य किया, जिससे कहीं भी कोई व्यवधान नहीं आया। उन्होंने कहा कि राजनीति के इस सफर में अनेक अविस्मरणीय क्षण जुड़े हैं, जो जीवन भर स्मरणीय रहेंगे। अध्यक्ष ने ज़िला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा की भी खुले मंच से सराहना करते हुए कहा कि सभी ने बिना किसी भेदभाव के कार्य किया और हर कदम पर सहयोग दिया, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे। इस अवसर पर बोर्ड सदस्यों एवं कर्मचारियों द्वारा अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह का 51 किलो वजनी पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया और उनके नेतृत्व की प्रशंसा की गई। वहीं बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से हुई, जिसके बाद एजेंडे में शामिल सात महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में ज़िला पंचायत के पुनरीक्षित बजट वर्ष 2025-26 एवं मूल बजट वर्ष 2026-27 को सदन पटल पर प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही पंचम राज्य वित्त आयोग एवं पंद्रहवें वित्त आयोग की वर्ष 2025-26 की द्वितीय सप्लीमेंट्री कार्ययोजना पर गहन विचार-विमर्श के बाद उसे भी मंजूरी दी गई। सदन में वर्ष 2026-27 की मूल कार्ययोजना, ज़िला पंचायत विकास योजना तथा संबंधित वित्तीय योजनाओं पर भी चर्चा हुई, जिसमें सदस्यों के सुझावों को सम्मिलित करते हुए बिना किसी विरोध के प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इसके अतिरिक्त बैठक में खनिज परिवहन शुल्क वसूली की उपविधि एवं अन्य प्रचलित उपविधियों की संशोधित दरों पर भी विचार किया गया और आवश्यक कार्यवाही करते हुए उन्हें लागू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से विधायक कृष्णा पासवान, जय कुमार जैकी, विकास गुप्ता सहित ज़िला पंचायत सदस्य अशोक सिंह, चंद्रशेखर, सुनीता राज, राजेश सोनी, अजय सिंह रिंकू, राम किशोर, शोभा देवी, गीता देवी, संगीता राज, नरेंद्र कुमार, मोहर दयाल, राज नारायण, विक्रम सिंह, उदय शंकर, पूजा पटेल, राकेश प्रजापति, सुनीता वर्मा, तस्कीन बानो, संदीप, कपिल कुमार सिंह, आराधना, दिलाशिया, राम गोपाल, ओम मिश्रा, योगेंद्र पाल सिंह, मुनेश्वर, गिरीश कुमार, ज्ञानमती, अर्चना, अनीता देवी, सीता देवी, शमशेर सिंह, कामिनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा ब्लॉक प्रमुख बहुआ संतोष कुमार, विजईपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी, ज़िला पंचायत के अभियंता दिनेश बहादुर सिंह, लेखाकार ब्रजेन्द्र राघव, सहायक अभियंता ज्योत्सना श्रीवास्तव, कार्य अधिकारी नीरज कुमार, ओएस सुदेश कुमार सिंह (टीटू) सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *