बड्डूपुर-बाराबंकी। कोतवाली बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम समरदा में बुधवार को कृष्ण डोल के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर बच्चों के बीच हुई धक्का-मुक्की का विवाद बड़ों तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कृष्ण डोल गाजे-बाजे के साथ निकाला जा रहा था। इस दौरान बच्चे डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। डांस के दौरान बच्चों में धक्का-मुक्की हो गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और बच्चों का मामला उनके परिजनों व अन्य लोगों तक पहुंच गया। read more:https://pahaltoday.com/sdm-holds-public-meeting-in-bambhiva-all-three-cases-resolved-on-the-spot/कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में प्रथम पक्ष से शिवपाल, चंदन और रोहित घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से भगौती और ललित को चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सीएचसी घुंघटेर भेजा गया।घटना के बाद कृष्ण डोल जैसे सार्वजनिक धार्मिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहता तो विवाद को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता था। हालांकि, आयोजन के दौरान पुलिस की तैनाती और घटना से पहले पुलिस को इसकी जानकारी थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि दो पक्षों में मारपीट हुई है। घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।