सोनभद्र। जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को जिला व्यय संवेदनशील कमेटी की बैठक हुई। इसमें संबंधित विभागों एवं जांच एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने जनपद की किसी भी विधानसभा क्षेत्र को व्यय के दृष्टिकोण से संवेदनशील श्रेणी में नहीं होने की जानकारी दी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों से लिखित जानकारी भी प्राप्त किया। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अवैध नकदी, शराब, मादक पदार्थ, बहुमूल्य धातुओं, आभूषणों अथवा अन्य प्रलोभनकारी सामग्रियों के वितरण और बरामदगी का मामला सामने आने पर तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को सूचना दी जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रलोभनमुक्त ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में आबकारी, राज्य कर, आयकर, पुलिस विभाग, नोडल व्यय अधिकारी तथा जिला अग्रणी बैंक के प्रतिनिधि मौजूद रहे।