शक्तिनगर, सोनभद्र। औद्योगिक विकास के नाम पर पर्यावरण और आमजन की सुरक्षा से किस कदर खिलवाड़ हो रहा है, इसकी बानगी शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर खड़िया पेट्रोल टंकी के समीप देखी जा सकती है। यहां राख तौल कांटे से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे जगह-जगह राख के बड़े-बड़े ढेर जमा हैं। मुख्य मार्ग के किनारे राख का यह जमाव न केवल यातायात के लिए खतरा बन रहा है, बल्कि आसपास रहने वाले परिवारों को भी उड़ती राख का दंश झेलना पड़ रहा है।
सड़क किनारे राख के ढेर होने से आवागमन के लिए जगह सीमित हो रही है। बड़े वाहनों के गुजरने पर छोटे वाहन और बाइक सवार असमतल रास्ते से निकलने को मजबूर होते हैं। ऐसे में जरा सी चूक जानलेवा हादसे में तब्दील हो सकती है। दूसरी ओर हवा का रुख बदलते ही राख उड़कर आसपास के घरों में पहुंच रही है। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर घरेलू सामान तक राख की चपेट में आ रहे हैं। धूल और राख के लगातार संपर्क से स्थानीय लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा सता रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि राख तौल कांटे से चंद कदमों की दूरी पर मुख्य सड़क के किनारे आखिर किसके संरक्षण में राख जमा की जा रही है। क्या संबंधित विभागों को यह सब दिखाई नहीं दे रहा है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है। सड़क किनारे राख का इस तरह जमाव होने के बावजूद रोकथाम और सफाई की व्यवस्था नहीं होना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से राख गिराने की अनुमति एवं जिम्मेदारी की जांच कराने, सड़क किनारे जमा राख तत्काल हटवाने, खुले में राख गिराने पर रोक लगाने और नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो राहगीरों की सुरक्षा और स्थानीय आबादी का स्वास्थ्य दोनों गंभीर संकट में पड़ सकते हैं।