नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी, सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों ने बनाई रणनीति

Share

सोनभद्र। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन चुर्क में नक्सल समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन के निर्देशन में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक नगर रणधीर कुमार मिश्रा ने किया। इसमें सोनभद्र के साथ सीमावर्ती जनपद मीरजापुर और चंदौली के पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।गोष्ठी में नक्सली गतिविधियों की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ नियमित कांबिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ जनसंपर्क मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव समाधान कराया जाए और उनसे निरंतर संवाद बनाए रखा जाए। ग्रामीणों को किसी के बहकावे में न आने तथा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन को देने के लिए जागरूक करने की बात कही गई। मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. सुमन कुमार जायसवाल, स्थानीय अभिसूचना इकाई के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप यादव, मीरजापुर के विशेष अभिसूचना अधिकारी मतीन अहमद सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के थाना प्रभारी, चैकी प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *