शेरकोट । धामपुर चीनी मिल के गन्ना खरीद केंद्र पर 5009 प्रजाति के गन्ने की खरीद को लेकर किसानों में नाराजगी देखने को मिली। गुरुवार को मोहल्ला फतेहनगर स्थित ईदगाह के सामने बने गन्ना तौल केंद्र पर एकत्र हुए किसानों ने मिल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं उठाईं। किसानों ने कहा कि बुवाई के समय गन्ने की प्रजाति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, लेकिन अब फसल तैयार होने पर खरीद को लेकर परेशानी सामने आ रही है।मोहल्ला चौधरियान निवासी किसान मंजू चौहान ने बताया कि चीनी मिल की ओर से 5009 प्रजाति के गन्ने की खरीद को लेकर मना किया जा रहा है, जबकि 5011 प्रजाति का गन्ना खरीदा जा रहा है। इससे उन किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है, जिन्होंने अपने खेतों में 5009 प्रजाति की फसल तैयार की है। किसानों का कहना है कि यदि मिल प्रबंधन को इस प्रजाति का गन्ना नहीं खरीदना था तो बुवाई के समय ही किसानों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। अब फसल तैयार होने के बाद खरीद को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा होने से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/प्रदर्शन के दौरान निशांत चौहान, शिवेंद्र सिंह, सुशील चौहान, टिकेंद्र सिंह, बबलू और राजकुमार समेत अन्य किसानों ने कहा कि गन्ने की फसल तैयार करने में किसानों ने काफी मेहनत और पूंजी लगाई है। ऐसे में तैयार फसल की खरीद को लेकर सवाल खड़े होना किसानों के लिए चिंता का विषय है। किसानों ने मांग की कि इस वर्ष खेतों में बोए गए 5009 प्रजाति के गन्ने के पौधे की खरीद की जाए और अगले वर्ष उसकी पेड़ी भी खरीदी जाए। किसानों ने यह भी कहा कि आगे से वे मिल अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही गन्ने की प्रजाति का चयन करेंगे।वहीं, धामपुर चीनी मिल के एससीडीआई अमित पांडे कुमार ने बताया कि मिल की ओर से प्रतिवर्ष मई माह में गन्ने का सर्वे कराया जाता है। उस समय गन्ने का पौधा छोटा होने के कारण उसकी प्रजाति की सही पहचान करना मुश्किल होता है। उन्होंने बताया कि 5009 अगेती प्रजाति का गन्ना है, जबकि 5011 सामान्य प्रजाति में आता है। जानकारी के अभाव और अनधिकृत स्थानों से बीज प्राप्त करने के कारण कुछ किसानों को प्रजाति को लेकर भ्रम हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीनी मिल की ओर से दोनों प्रजातियों के गन्ने की खरीद की जा रही है।