महोबा। विकासखंड के चुरारी गांव में दीपावली पर्व के अवसर पर बुधवार को एक दिवसीय पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया। मेले में बुंदेली संस्कृति और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिली। मेले का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। इसमें कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा मेला ग्राउंड से प्रारंभ होकर पूरे गांव में भ्रमण करती हुई रामजानकी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण और कार्तिक स्नान करने वाली गोपिकाओं के बीच पारंपरिक बुंदेली संवाद आकर्षण का केंद्र रहे। गोपिकाओं ने बुंदेली भाषा में संवाद करते हुए कहा, ‘उजर जात गंवार है, बहुत कही समझाए, धौंस बतावत कंस की, सरम न तोखा आए।’ वहीं लौंग-सुपाड़ी, दही, माखन और मिश्री के दान को लेकर कृष्ण और गोपिकाओं के बीच हुए हास्यपूर्ण संवादों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र राजपूत ने किया। इसके बाद बुंदेलखंड स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/प्रतियोगिता में झांसी, टीकमगढ़, हिंदौरिया, महोबा और दमोह सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने प्रतिभाग किया। पहला मुकाबला झांसी और टीकमगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें झांसी ने 27 अंक हासिल कर टीकमगढ़ को 23 अंकों पर रोकते हुए चार अंकों से जीत दर्ज की। पहला सेमीफाइनल जालौन और हिंदौरिया के बीच हुआ, जिसमें झांसी ने चार अंकों से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में जालौन ने महोबा को छह अंकों से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला जालौन और कालपी के बीच बेहद रोमांचक रहा। इसमें जालौन की टीम ने 25 अंक हासिल किए, जबकि कालपी की टीम 22 अंक ही बना सकी। इस तरह जालौन ने तीन अंकों से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।विजेता जालौन टीम के कप्तान सुधीर को प्रथम पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता कालपी टीम के कप्तान अनिल कुमार को द्वितीय पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका सुनील राजपूत, जितेंद्र मिश्रा, लकी शर्मा एवं सतीश राजपूत ने निभाई। उद्घोषक दिनेश पांचाल ने अपनी शानदार कमेंट्री से खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह बनाए रखा।इस मौके पर क्षेत्रीय ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र राजपूत ने मेले में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे आयोजन में ग्रामीण संस्कृति, खेल भावना और आपसी भाईचारे का संगम देखने को मिला।