सवारियों से भरी बस-ट्रक की भिड़ंत में चालक समेत 16 घायल

Share

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के घसिया टोला में बुधवार को सवारियों से भरी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक समेत 16 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक केबिन में फंस गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया।सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल बस चालक गौरी खान पुत्र गनी खान निवासी चपकी और एक महिला यात्री को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/हादसे के बाद सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे। आरोप है कि कई चिकित्सकों की तैनाती के बावजूद मौके पर केवल एक चिकित्सक मौजूद था। वहीं, घायलों को अस्पताल के अंदर ले जाने के लिए स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई। ऐसे में परिजन कुछ घायलों को गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाते दिखाई दिए। घायलों में रमेश (50) निवासी रजखड़ दुद्धी, खुशबू (36) निवासी बीजपुर, रूप कुमारी (40) निवासी महरीकला, नीलेश ठाकुर और जगदीश ठाकुर निवासी बरती, अंजू सेठ (23) निवासी बीजपुर, मनोहर कुमार (35) निवासी बरवा टोला, आशा (19) निवासी सेंदुर, पानपती (70) और मोनी देवी (40) निवासी भंवर, दादूलाल (65) निवासी किरविल, रामप्रवेश प्रजापति (35) निवासी चाचीकला, रामअवतार (50) निवासी कोटा, रामकेश (55) निवासी काचन और सरोज देवी (57) निवासी चपकी शामिल हैं।प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। गंभीर रूप से घायल बस चालक और एक महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *