18 साल से सड़क की मरम्मत नहीं, पत्थरों पर चलने को मजबूर ग्रामीण

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक की ग्राम पंचायत कुलडोमरी के बरोहिया गांव में बदहाल सड़क और बिजली की समस्या से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले 18 वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। इसके चलते सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि उसका वजूद ही मिटने लगा है। जगह-जगह गड्ढे और बिखरे पत्थर आवागमन में बाधा बन रहे हैं। सोलिंग के नाम पर बिछाए गए स्थानीय पत्थरों के बीच गिट्टी तक गायब है। ऐसे में ग्रामीणों को पथरीले रास्ते पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है।जंगल के बीच बसे इस आदिवासी बाहुल्य गांव के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए इसी रास्ते का सहारा लेना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को उठानी पड़ती है। जर्जर सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों की परेशानी केवल सड़क तक सीमित नहीं है। गांव में बिजली के पोल और तार तो लगा दिए गए हैं, लेकिन अब तक नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इसके चलते ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ती है। सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण लखन, सुनीता, देवबरन, रामलल्लू, देवधरी और सोमारी देवी ने जिला प्रशासन से जर्जर सड़क की मरम्मत कराने तथा गांव में बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से समस्याएं झेल रहे आदिवासी परिवारों को भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि उन्हें रोजमर्रा के जीवन में परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *