मोहांव गोलीकांड : मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान संजय बिंद ने किया आत्मसमर्पण

Share
गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गोलीकांड में युवक अजय पासी की मौत के मामले में मुख्य आरोपी ग्राम सभा बकराबाद के प्रधान संजय बिंद ने मंगलवार को सदर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह हाथ में आत्मसमर्पण करने का बैनर लेकर कोतवाली पहुंचा। आरोपी के इस कदम को पुलिस मुठभेड़ की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है।आत्मसमर्पण के बाद संजय बिंद ने बताया कि घटना वाली रात वह जुआ खेलने के दौरान डेढ़ लाख रुपये जीत गया था। आरोप है कि वहां मौजूद लोग उससे रुपये छीनने लगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उसने पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस घटना में मोहांव निवासी अजय पासी और इस्लामाबाद निवासी सुरेंद्र राम गोली लगने से घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान अजय पासी की मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र राम का इलाज जारी है।सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान संजय बिंद ने सदर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया है। बताया जाता है कि संजय बिंद पहले भी कई आपराधिक मामलों में आरोपित रहा है। होली के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इस मामले में जेल में बंद रहने के बाद कुछ दिन पहले ही उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। मोहांव गोलीकांड के संबंध में करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *