गाजीपुर। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 6.009 किलोग्राम अवैध गांजे और मारुति ब्रेजा कार के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ जमानिया तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हरिश प्रधान (32) पुत्र दयानंद प्रधान निवासी ग्राम गठिया, थाना नोनहरा, गाजीपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 6.009 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बताई गई एक मारुति ब्रेजा कार भी कब्जे में ले ली।इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 811/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस की ओर से अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता और कोतवाली पुलिस के हमराह कर्मी शामिल रहे।