शिक्षक विहीन बरोहिया प्राथमिक विद्यालय, भवन मौजूद पर नहीं हो रही पढ़ाई

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत कुलडोमरी के बरोहिया प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की तैनाती नहीं होने से विद्यालय वीरान पड़ा है। भवन होने के बावजूद यहां बच्चों की पढ़ाई नहीं हो रही है। जंगलों के बीच बसे खरवार आदिवासी बाहुल्य गांव में शिक्षा व्यवस्था की यह बदहाल तस्वीर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।ग्रामीणों के मुताबिक, गांव तक पहुंचने के लिए टूटी सड़कें, बिजली की समस्या और बुनियादी सुविधाओं का अभाव पहले से ही परेशानी का कारण है। करीब पांच किलोमीटर के दायरे में जंगलों के बीच बसे गांवों के बच्चों के लिए शिक्षा हासिल करना भी चुनौती बन गया है। विडंबना यह है कि मुख्य सड़क के किनारे स्थित विद्यालयों में पांच-पांच शिक्षक तैनात हैं, जबकि आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए बने बरोहिया विद्यालय में एक भी शिक्षक नहीं है। विंध्याचल, धनेसरी, सुखमनिया और सोमारी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर आदिवासी बच्चों की शिक्षा को लेकर विभाग इतना उदासीन क्यों है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं सभी के लिए समान रूप से जरूरी हैं, लेकिन उनके बच्चों को पढ़ाई के अवसर से वंचित होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से तत्काल विद्यालय में शिक्षक की तैनाती कर पढ़ाई शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने फोन पर बताया कि बरोहिया प्राथमिक विद्यालय शिक्षक विहीन है और वहां किसी शिक्षक की तैनाती नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *