गाजीपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को गाजीपुर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता और सुरक्षा अभियान संचालित किया।अभियान के तहत पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक रहने का संदेश दिया गया।वहीं, जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील इलाकों में भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।गाजीपुर पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। महिला सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।