गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए गाजीपुर की 10 प्रतिभावान बालिका खिलाड़ियों का चयन किया गया है। शुक्रवार को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में जिला खेल कार्यालय एवं जिला कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल आयोजित किया गया। इसमें कुल 35 बालिका खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया।चयनित खिलाड़ी 12 नवंबर को वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। इसके लिए खिलाड़ियों को सुबह 8:30 बजे तक उपस्थित होना होगा। मंडलीय चयन के बाद प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर तक रायबरेली में आयोजित की जाएगी।चयन एवं ट्रायल के दौरान गाजीपुर कबड्डी एसोसिएशन के सचिव अकरम अहमद, कबड्डी प्रशिक्षिका अंजनी वर्मा, अजय गुप्ता एवं क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद उपस्थित रहे। सभी के मार्गदर्शन और देखरेख में चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।