भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा बाजारों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा जनपद में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। वरिष्ठ निरीक्षक एवं विधिक माप विज्ञान अधिकारी भदोही चंद्रजीत यादव के नेतृत्व में उगापुर, औराई, बभनौटी सहित विभिन्न बाजारों में सर्राफा, कपड़ा, मिठाई, हार्डवेयर, किराना, फल एवं पेट्रोल पंप समेत विभिन्न व्यवसायों से संबंधित कुल 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर हार्डवेयर विक्रेता मेसर्स जवाहरलाल, पुत्र स्वर्गीय गिरधर प्रसाद तथा मिष्ठान विक्रेता बृजेश मोदनवाल, पुत्र किसमिस मोदनवाल के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान डिब्बाबंद वस्तुओं पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) की जांच के लिए टेस्ट परचेजिंग भी की गई।
विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि डिब्बाबंद वस्तुओं की बिक्री पैकेट पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य के अनुसार ही की जाए। एमआरपी से अधिक मूल्य पर सामान की बिक्री न करें तथा उपभोक्ताओं को वस्तुओं के सही मूल्य एवं माप से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं। वरिष्ठ निरीक्षक चंद्रजीत यादव ने बताया कि उपभोक्ता हितों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। जनपद के विभिन्न बाजारों में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विधिक माप विज्ञान विभाग ने समस्त व्यापारियों से अपील की है कि वे विधिक माप विज्ञान अधिनियम एवं संबंधित नियमों का पालन करें और उपभोक्ताओं को निर्धारित मूल्य पर ही सामान उपलब्ध कराएं। साथ ही उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि वे वस्तुओं का मूल्य एवं माप जांचकर ही खरीदारी करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।