खाद वितरण व्यवस्था पर प्रशासन की नजर, एडीएम ने किया समितियों का निरीक्षण

Share

उरई (कुलदीप मिश्रा)। रबी की फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को डीएपी और यूरिया खाद सुगमता से उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक और अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह ने विभिन्न सहकारी समितियों का निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक ने छिरिया सलेमपुर और कुसमरा स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीएपी और यूरिया खाद के वितरण की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान समितियों पर किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही थी। उन्होंने समिति प्रभारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण में टोकन व्यवस्था अपनाई जाए, जिससे किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ वहीं, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह ने नियामतपुर, कालपी और आटा स्थित सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। आटा समिति पर जांच के दौरान डीएपी खाद का स्टॉक उपलब्ध नहीं मिला। इस पर उन्होंने समिति प्रभारी को अगले दिन हर हाल में डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय से खाद मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की जरूरतों को देखते हुए खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन का उद्देश्य रबी की बुवाई के दौरान किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराना और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और समिति प्रभारियों को खाद के स्टॉक तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *