*फिरोजाबाद*। सिरसा नदी के पुनरुद्धार और जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए फिरोजाबाद जिले को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से जिले का मान बढ़ा है। दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने जिले की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया।जिला मुख्यालय लौटने के बाद सीडीओ ने यह सम्मान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को समर्पित किया। इस उपलब्धि पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सिरसा नदी पुनरुद्धार परियोजना को सफल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
परियोजना के तहत नदी के कायाकल्प के साथ जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार को भी बढ़ावा दिया गया। ग्रामीणों को चौपालों और प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूक कर अभियान से जोड़ा गया। इसके परिणामस्वरूप परियोजना के दौरान 1,20,719 मानव दिवसों का सृजन हुआ।नदी के पुनरुद्धार से क्षेत्र में भूजल स्तर में सुधार होने और किसानों को सिंचाई में लाभ मिलने की बात कही गई है। नदी में पानी का प्रवाह फिर से शुरू होने से खेती और फसलों की पैदावार को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि यह सम्मान जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी लोगों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले में विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।