*फिरोजाबाद*। प्रदेश में जैन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फिरोजाबाद स्थित ऐतिहासिक छदामी लाल जैन मंदिर का विकास कराया जा रहा है। मंदिर परिसर में चल रहे 1.28 करोड़ रुपये के विकास कार्य का करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। परियोजना के अक्टूबर में पूरा होने की उम्मीद है। इसके तहत मंदिर परिसर में बहुउद्देश्यीय सभागार, डॉरमेटरी और म्यूरल वॉल सहित पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
परियोजना के तहत बहुउद्देश्यीय सभागार और डॉरमेटरी का करीब 85 फीसदी काम पूरा हो चुका है, जबकि म्यूरल वॉल का निर्माण 60 फीसदी तक पूरा हुआ है। इन सुविधाओं के शुरू होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहूलियत मिलेगी।
*42 फीट ऊंची बाहुबली प्रतिमा है आकर्षण का केंद्र*
फिरोजाबाद के मुख्य जैन चौराहे पर स्थित छदामी लाल जैन मंदिर अपनी भव्य स्थापत्य कला और धार्मिक महत्ता के लिए प्रसिद्ध है। मंदिर में स्थापित भगवान बाहुबली की 42 फीट ऊंची पत्थर की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसे उत्तर भारत की प्रमुख बाहुबली प्रतिमाओं में गिना जाता है। प्रतिमा के दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
*तीन महीने में कर्नाटक से फिरोजाबाद लाई गई थी प्रतिमा*
मंदिर में स्थापित बाहुबली की विशाल प्रतिमा को कर्नाटक के कारकल से विशेष ट्रॉली के माध्यम से फिरोजाबाद लाया गया था। सेठ छदामी लाल ने प्रतिमा को लाने की व्यवस्था की थी। करीब तीन महीने की यात्रा के दौरान ट्रॉली ने 64 पहाड़ियों का सफर तय किया था। मंदिर का निर्माण पूरा होने में करीब 10 वर्ष लगे। संगमरमर से निर्मित इस मंदिर की देखरेख के लिए वर्ष 1947 में सेठ छदामी लाल ने मंदिर ट्रस्ट की स्थापना की थी।
*जैन विरासत को पर्यटन से जोड़ने पर जोर*
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की जैन विरासत को संरक्षित करने के साथ पर्यटन से जोड़ने का काम किया जा रहा है। जैन तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे जैन संस्कृति और धार्मिक विरासत को देशभर के लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि छदामी लाल जैन मंदिर प्रदेश की समृद्ध जैन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर में विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही मंदिर को प्रदेश के जैन पर्यटन सर्किट से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।