सोनभद्र। गांधी जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को टैगोर नगर स्थित विमला इंटरमीडिएट कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वावलंबन के विचारों के साथ ही बाल अधिकारों और पॉक्सो अधिनियम की जानकारी दी गई।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज सीडी राहुल ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के विचारों को जीवन में उतारने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल आसपास की सफाई नहीं, बल्कि विचार और आचरण की शुद्धता भी है। विधिक जागरूकता सत्र में सचिव ने पॉक्सो अधिनियम-2012 और बाल अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteउन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के सभी बालक-बालिकाओं को इस कानून के तहत संरक्षण प्राप्त है। विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना अथवा असुरक्षित स्थिति में बिना भय के विरोध करें और तत्काल माता-पिता या शिक्षक को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों के विरुद्ध अपराध की जानकारी पुलिस अथवा बाल संरक्षण इकाई को देने संबंधी अनिवार्य रिपोर्टिंग प्रावधानों की भी जानकारी दी। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव नारायण लाल, डिप्टी चीफ एलएडीसी सत्यारमण त्रिपाठी, असिस्टेंट एलएडीसी जय प्रकाश, स्थायी लोक अदालत के सदस्य नीरज सिंह, राजन कुमार, राजीव कुमार, पराविधिक स्वयंसेवक दीपन कुमार व भोलानाथ, शिक्षक नंदलाल शुक्ला व मनीष सिंह समेत अन्य शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में करीब 82 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।