पॉक्सो अधिनियम को लेकर छात्राओं को किया जागरूक

Share
गाजीपुर जमानियां। गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पॉक्सो अधिनियम-2012 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल संरक्षण, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श तथा पॉक्सो अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में सुश्री वित्ती सुमन ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाते हुए कहा कि बच्चों को किसी भी असहज या असुरक्षित स्पर्श की पहचान करने के साथ ही ऐसी स्थिति में तत्काल किसी भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम-2012 के तहत बच्चों को प्राप्त अधिकारों और कानूनी संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा नालसा हेल्पलाइन 15100 का उपयोग किया जा सकता है। छात्राओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल सहायता लें।प्रधानाचार्या सरिता जायसवाल ने छात्राओं को जागरूकता कार्यक्रम में बताई गई जानकारियों को गंभीरता से लेने तथा अपने आसपास के बच्चों और सहपाठियों को भी सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पॉक्सो अधिनियम बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण कानून है, जिसकी जानकारी प्रत्येक छात्र-छात्रा को होनी चाहिए।इस दौरान उपनिरीक्षक दिनेश सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रवक्ता तथा तहसील मुख्यालय के अधिवक्तागण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *