म्योरपुर, सोनभद्र। मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस ने सोमवार सुबह एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 478 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में थाना म्योरपुर पुलिस टीम ने 21 सितंबर की सुबह करीब 6ः30 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित लहरा मोड़ ईदगाह के पास संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 1.478 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला की पहचान सुनेना पत्नी सुरेंद्र कुमार (करीब 40 वर्ष), निवासी कस्बा म्योरपुर, थाना म्योरपुर, सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0-110/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्ता को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बलजीत भारद्वाज, कांस्टेबल रामसूरत वर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार और महिला कांस्टेबल साक्षी शामिल रहीं। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।