गाजीपुर । उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ जनपद शाखा गाजीपुर की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महासंघ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में नियमित रूप से रक्तदान करने वाले लोगों को जिलाधिकारी ने स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समाज के सक्षम लोगों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक कार्य जनहित और जनकल्याण की भावना से प्रेरित होना चाहिए। विकास योजनाएं केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि जनता की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteउन्होंने जनपद में बाढ़ की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए ऐसी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे बाढ़ के प्रभाव को कम करने के साथ ही आमजन को होने वाली परेशानियों से स्थायी रूप से राहत दिलाई जा सके। इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, आवश्यक आधारभूत ढांचे का विकास तथा बाढ़ से बचाव के स्थायी उपायों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।जिलाधिकारी ने इंजीनियरिंग विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि जनपद के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सड़क, पुल, नाली, जल निकासी, सिंचाई सहित अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और स्थायित्व को प्राथमिकता दी जाए। ऐसी कार्ययोजनाएं तैयार की जाएं, जो वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखकर बनाई गई हों।उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता और प्रशासनिक सोच के समन्वय से गाजीपुर में आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।