बाराबंकी। मंगलवार सुबह डंपर और ऑल्टो कार की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें सरकारी टीचर पति, उनकी पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं। 7 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑल्टो कार में कुल 5 लोग सवार थे। सुबह करीब 11ः30 बजे सड़क किनारे रुककर रास्ता पूछ रहे थे। जैसे ही कार से यूटर्न लेने लगे, मौरंग लदे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो एक तरफ से एक फुट तक पिचक गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया है। हादसा मसौली थाना क्षेत्र के बिंदोरा चौराहे के पास बांदा-बहराइच रोड पर हुआ। हादसे का सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और परिवार के लिए संवेदना व्यक्त की है। जानकारी के मुताबिक मोहम्मद शरीफ (50) श्रावस्ती के भिनगा में मदरसे में सरकारी शिक्षक थे। मूलरूप से बलरामपुर के रहने वाले थे। नौकरी भिनगा में होने की वजह से यहीं घर बनवा लिया था। परिवार में पत्नी तबस्सुम (45) के अलावा 4 बेटे और 2 बेटियां हैं। बड़ी बेटी रुसदा (27) और 2 बेटे लखनऊ में रहकर पढ़ाई करते हैं। एक बेटा गोंडा में पढ़ाई कर रहा है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/एक बेटा उजैम (22) और सबसे छोटी बेटी हुदा (7) भिनगा में मम्मी-पापा के साथ रहते हैं। परिजनों के बताया कि रुसदा कुछ दिन पहले घर आई थी। दोनों बेटे लखनऊ में ही थे। मंगलवार सुबह शरीफ और तबस्सुम बेटी रुसदा को छोड़ने लखनऊ जा रहे थे। वहां उन्हें अपना रूटीन चेकअप भी कराना था। उजैम और हुदा ने भी साथ चलने के लिए बोला तो सभी लोग कार से लखनऊ के लिए निकल गए। रास्ता भूल जाने के कारण बिंदौरा चौराहे के पास कार को मोड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से रामनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। पांचों को एंबुलेंस से बड़ागांव सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शरीफ, तबस्सुम, रुसदा और उजैम को मृत घोषित कर दिया। हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि मैं बच्ची का हाल जानने जिला अस्पताल गया था। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। उधर, पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और फरार डंपर चालक की तलाश में दबिश दे रही है। हादसे की खबर जैसे ही मृतकों के परिवारों तक पहुंची, वहां कोहराम मच गया। श्रावस्ती के भिनगा क्षेत्र से जुड़े तीन लोगों की मौत की खबर से परिजनों में मातम छा गया है।