पौधरोपण में अनियमितता का आरोप, वन विभाग कार्यालय का घेराव

Share

बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) ने सोमवार को प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने हरख रेंज में पौधरोपण के नाम पर कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विभाग से कई बिंदुओं पर लिखित जवाब मांगा। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक सवालों का संतोषजनक लिखित जवाब नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा। धरने का नेतृत्व राष्ट्रीय महासचिव आशु चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि संगठन ने 31 जुलाई को दिए ज्ञापन में हरख रेंज की ग्राम सभा मदारपुर रोशन जमा खां में वर्ष 2022 में 16 हजार पौधों के सफल रोपण के विभागीय दावे पर सवाल उठाए थे। यूनियन ने पौधों की प्रजाति, नर्सरी का स्रोत और वर्तमान में संबंधित गाटा संख्या में पौधों की स्थिति की लिखित जानकारी मांगी है। संगठन ने वर्ष 2025-26 में इसी क्षेत्र में 20 हजार पौधे लगाए जाने के दावे पर भी सवाल उठाया। यूनियन ने पूछा कि इतने पौधे लगाने के लिए कितनी भूमि निर्धारित थी और वास्तव में कितना क्षेत्र उपलब्ध था।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ इसके साथ ही पौधरोपण के गड्ढों की संख्या, पौधों के बीच की दूरी, सुरक्षा नली, खाद, पौधों की प्रजाति और इस पूरे कार्य पर खर्च की गई धनराशि का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। धरने के दौरान किसान नेताओं ने 31 जुलाई की बातचीत का हवाला देते हुए दावा किया कि एक पौधे के रोपण के लिए छह डॉलर देने की बात कही गई थी। यूनियन ने विभाग से इस संबंध में लागू नियम, शासनादेश या सर्कुलर की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की। राष्ट्रीय महासचिव आशु चौधरी ने कहा कि फिलहाल संगठन ने केवल हरख रेंज के एक मामले को उठाया है। उनके अनुसार, जिले की अन्य रेंजों में भी पौधरोपण को लेकर शिकायतें हैं। उन्होंने सभी रेंजों में हुए पौधरोपण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन को मौके पर हुई कार्रवाई और मांगी गई जानकारी का लिखित जवाब चाहिए। जब तक विभाग ठोस जवाब और कार्रवाई नहीं करता, तब तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी गई। धरने में युवा मंडल अध्यक्ष अयोध्या सोनू शर्मा, जिला प्रभारी वंशी लाल, मंडल मीडिया प्रभारी मो शकील, मंडल कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा, युवा मंडल महासचिव पवन शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष छात्रसंघ गुफरान वारसी, नगर अध्यक्ष मो हारून, महामंत्री जावेद, दीपक मिश्रा सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *